जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब छोटे बच्चों की सेहत पर पड़ने लगा है। क्षेत्र में पांच वर्ष तक के बच्चे हैंड फुट माउथ डिजीज (एचएफएमडी) की चपेट में आ रहे हैं। स्थिति यह है कि रोजाना पांच से सात संक्रमित बच्चे उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। अस्पताल पहुंच रहे बच्चों में एचएफएमडी के लक्षण पाए जा रहे हैं। इस बीमारी में बच्चों की हथेलियों, पैरों के तलवों और मुंह व होठों के आसपास लाल दाने और चकत्ते पड़ जाते हैं। इसके अलावा बुखार आने और भूख कम लगने जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र कुमार के अनुसार, हैंड फुट माउथ डिजीज एक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से छोटे बच्चों को प्रभावित करती है। संक्रमित बच्चे के संपर्क में आने से दूसरे बच्चों में भी संक्रमण फैल सकता है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की साफ-सफाई और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि जागरूकता की कमी और जरूरी सावधानियां नहीं बरतने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
चिकित्सकीय सलाह
बच्चों के हाथ नियमित अंतराल पर साबुन से धुलवाएं।
बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खानपान का विशेष ध्यान रखें।
घर और स्कूल में संक्रमित बच्चों को अन्य बच्चों से अलग रखें।
बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।