पढ़ाई के साथ हुनर सीख रहीं पुनर्वास केंद्र की बालिकाएं

आत्मनिर्भर बनाने के लिए योग, पेंटिंग और काफ्टिंग का प्रशिक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : किसी के सपनों को नई उड़ान देने के लिए शिक्षा के साथ हुनर का होना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ सिम्मलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं को पढ़ाई के साथ विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां बालिकाएं योग, पेंटिंग और क्राफ्टिंग सीखने के साथ बाजार की जरूरतों को भी समझ रही हैं। उद्देश्य है कि शिक्षा पूरी करने के बाद वे किसी पर निर्भर रहने के बजाय अपने हुनर से आत्मनिर्भर जीवन की शुरुआत कर सकें।


दरअसल, बीती 18 अक्टूबर को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने केंद्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान बालिकाओं से बातचीत में पता चला कि कई बालिकाएं विद्यालय नहीं जा रही थीं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित थीं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला परिवीक्षा अधिकारी को बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उनका स्कूलों में प्रवेश कराया गया और नियमित पढ़ाई शुरू हो गई। विद्यालयी शिक्षा से जोड़ने के बाद अब बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास और व्यावहारिक कौशल को निखारने पर भी जोर दिया जा रहा है। केंद्र में उन्हें योगाभ्यास के साथ पेंटिंग और क्राफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के जरिए उनकी रचनात्मक क्षमता विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट ने बताया कि बालिकाएं पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। उन्हें नियमित रूप से विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही बाजार की जरूरतों से परिचित कराकर ऐसे कौशल विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो भविष्य में उनके रोजगार और पुनर्वास में सहायक बन सकें।

किसी को नौकरी तो किसी को देश सेवा की चाह
केंद्र में रह रही बालिकाएं अब अपने भविष्य को लेकर नए सपने संजो रही हैं। कोई पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती है तो कोई देश और समाज की सेवा करने की इच्छा रखती है। बालिकाओं का कहना है कि वे शिक्षा और हुनर के बल पर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं, ताकि भविष्य में अपनी अलग पहचान बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *