खेलों के माध्यम से दिया नशे से दूर रहने का संदेश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव, फिट युवा, व्यसन मुक्त युवा एवं जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, देवरामपुर, कोटद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर ने सभी स्वयं सेवियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशे के प्रति जागरूक करने तथा एक स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, कबड्डी एवं बैडमिंटन को शामिल किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, नशे से दूर रहने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्या नूतन बिष्ट, विद्यालय के अध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट, विद्यालय प्रबंधक शेखर उपाध्याय, खेल समन्वयक महावीर सिंह रावत, मेघा चंदोला एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या नूतन बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। खेल युवाओं को अनुशासित बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। विद्यालय के अध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट ने स्वयं सेवियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में खेलों को अपनाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
खेलों के माध्यम से दिया नशे से दूर रहने का संदेश
कार्यक्रम में आयोजित वॉलीबॉल, कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क एवं सकारात्मक जीवन शैली ही एक सशक्त युवा की पहचान है। नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी युवाओं की भागीदारी को मजबूत करता है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त युवा, स्वस्थ युवा और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया। सभी ने एक स्वर में नशामुक्त समाज के निर्माण तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प लिया।
युवा सकारात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाएं
एनएसएस स्वयं सेवी प्रियांशी बिष्ट, आयुष बिष्ट, कुनाल बिष्ट, अश्विन थालेड़ी, नैन्सी नेगी, अनन्या, आदित्य बलूनी, विष्णु भट्ट एवं अर्णव ध्यानी ने भी नशे के विरुद्ध अपने विचार एवं जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए। स्वयं सेवियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, योग एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।