खेलों के माध्यम से दिया नशे से दूर रहने का संदेश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव, फिट युवा, व्यसन मुक्त युवा एवं जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, देवरामपुर, कोटद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर ने सभी स्वयं सेवियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशे के प्रति जागरूक करने तथा एक स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, कबड्डी एवं बैडमिंटन को शामिल किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, नशे से दूर रहने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्या नूतन बिष्ट, विद्यालय के अध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट, विद्यालय प्रबंधक शेखर उपाध्याय, खेल समन्वयक महावीर सिंह रावत, मेघा चंदोला एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या नूतन बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। खेल युवाओं को अनुशासित बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। विद्यालय के अध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट ने स्वयं सेवियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में खेलों को अपनाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।