गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, विथ्याणी में फर्जी तरीके से नियुक्ति पाने का मामला
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : यमकेश्वर पुलिस ने महाविद्यालय में फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के मामले में असिस्टेंट प्रो. डॉ. उमेश त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

बता दें कि 23 सितंबर 2026 को वादी प्राचार्य गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, विथ्याणी, यमकेश्वर, पौड़ी द्वारा थाना यमकेश्वर में महाविद्यालय में कार्यरत डॉ. उमेश त्यागी असिस्टेंट प्रो. के विरुद्ध जाली एवं कूटरचित प्रमाण पत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के संबंध में विधिक कार्यवाही किए जाने के संबंध में तहरीर दी गई थी। इस संबंध में थाना यमकेश्वर पर धारा 318(4)/336(3)/338/340(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकरण में निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्गत निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर प्रकाश में आया कि अभियुक्त द्वारा महाविद्यालय विथ्याणी, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल में फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की गई थी। पर्याप्त साक्ष्य संकलित होने के उपरांत पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त डॉ. उमेश त्यागी निवासी मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश हाल निवास बादलपुर, जिला गौतमबुद्धनगर (नोएडा), उत्तर प्रदेश को बीती गुरूवार को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल, लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, अहसान अली, अवनीश राणा आदि शामिल थे।
फोटो 16