जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित “एजुकेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस : रीशेपिंग टीचिंग, रिसर्च, इनोवेशन एंड कोलैबोरेशन फॉर इंस्टीट्यूशनल ट्रांसफॉर्मेशन’” विषयक एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस को प्रो. के. श्रीनिवास ने “फ्यूचर रेडी हायर एजुकेशन: इंटीग्रेटिंग एआई कॉम्पिटेंस फॉर डिजाइनिंग एक्सपीरिएंशियल, लर्नर-सेंट्रिक एंड ब्लेंडेड लर्निंग एनवायरनमेंट ” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।

प्रो. के. श्रीनिवास ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में एआई दक्षता केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षण-अधिगम की प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी, संवादपरक एवं शिक्षार्थी-केंद्रित बनाने का एक महत्त्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रयोगात्मक एवं अनुभव-आधारित शिक्षण, शिक्षार्थी-केंद्रित शिक्षण तथा मिश्रित शिक्षण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. श्रीनिवास ने इस बात पर विशेष बल दिया कि भविष्य की उच्च शिक्षा में शिक्षकों को एआई तकनीकों के प्रति दक्ष एवं जागरूक होना होगा, ताकि वे पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर सकें। उल्लेखनीय है कि एमएमटीटीसी, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों से आए 30 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षाविद् प्रतिभागिता कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी एकीकरण के माध्यम से शिक्षण, शोध, नवाचार एवं संस्थागत विकास की संभावनाओं को सशक्त बनाना है।