सीएमओ ने किया ब्लॉक यमकेश्वर और द्वारीखाल के विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने ब्लॉक द्वारीखाल और यमकेश्वर की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दियूली, पौखाल, पीएचसी टाइप ए कांडाखाल, किन्सूर, भृगुखाल सी.एच.सी. चेलूसैण का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने दवा एवं चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, सफाई व्यवस्था के साथ पेयजल और आवासीय भवनों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित रखने व स्वास्थ्य केंद्रों की अन्य व्यवस्थाओं में जरूरी सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। निरीक्षण के दौरान पी.एच.सी. कांडाखाल में चिकित्सालय भवन में सीलन पाई गई, इसके साथ ही यहां पर आवासीय भवन के निर्माण तथा पी.एच.सी. किन्सूर में एएनएम सेंटर में जमीन के धंसाव व बाउंड्रीवाल के निर्माण को लेकर निर्र्माण अनुभाग को संबंधित निर्माण कार्यों का आंगणन कर प्रस्ताव तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत पी.एच.सी. दिउली में चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण किया गया, जिसमें दिउली में निरीक्षण पर चिकित्सक अवकाश पर थे। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठांगर में सेंटर ठागर में सेंटर बंद पाया गया, साथ ही यहां पर नियुक्त सभी कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिनका स्पष्टीकरण तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य सभी चिकित्सा इकाइयों में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं सन्तोषजनक पाई गई।