बाल दिवस के रूप में मनाया पंडित नेहरू का जन्मदिवस

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सनेह क्षेत्र के अंतर्गत श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी में शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें याद किया गया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को नेहरू के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने पंडित नेहरू के जीवन पर अपने विचार व्यक्त किये।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. गिरीश उनियाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने बच्चों को चाचा नेहरू के जीवन से जुड़ी बातें बताई। कहा कि बच्चों से वह बहुत प्यार करते थे। इसलिए उनके जन्म दिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रधानाचार्य ने कहा कि 14 नवंबर 1952 को महेंद्र इंद्रेश चरण दास जी ने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की स्थापना की। उन्होंने फाउंडर्स डे के बारे में भी छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन समय-समय पर होना चाहिए। कहा कि आज का छात्र कल का भावी नागरिक है, इसलिए शिक्षा एवं खेल के माध्यम से बच्चों को प्रगति की राह पर अग्रसर करते रहना चाहिए। इस मौके पर क्रीड़ा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किये गये। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *