मुख्यमंत्री ने खटीमा में छठ महोत्सव में किया प्रतिभाग

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने वार्ड संख्या-14 स्थित संजय रेलवे पार्क के पास नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उगते और डूबते सूर्य को अघ्र्य देने की परंपरा समाज को संघर्ष, समर्पण और समान सम्मान का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ते हुए विविधता में एकता की मिसाल पेश करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ह्यविकास भी और विरासत भीह्ण के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। खटीमा में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है, जिसका जल्द भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और हॉटमिक्स कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेलघाट, सिसैया और नगला तराई जैसे सीमावर्ती गांवों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। वहीं भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं का विकास भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय का नया भवन तैयार हो चुका है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की घोषणा की गई है। इसके साथ ही आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट जैसी सुविधाओं का विकास किया गया है। चकरपुर स्थित वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण भी जारी है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं चिकित्सक को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति के अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *