दून में नशे के लिए रुपये नहीं देने पर छात्र से मारपीट

देहरादून। राजधानी देहरादून में नशेड़ियों की गतिविधियों से आम लोगों के साथ अब स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के माता मंदिर रेलवे फाटक का है, जहां स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र से नशे और सिगरेट के लिए रुपये मांगने तथा इनकार करने पर मारपीट करने का आरोप लगा है।
मामले में पीड़ित छात्र के पिता जयदीप सैनी निवासी शीतल विहार, अजबपुर खुर्द ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत देकर आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर को धर्मपुर स्थित श्री गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ने वाला छात्र मिलन सैनी छुट्टी के बाद अपने दो दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूल के बाहर उसे आर्यन और अनमोल पाल मिले। आरोप है कि आर्यन ने उससे नशे और सिगरेट के लिए रुपये मांगे। छात्र के मना करने पर उसे धमकाया गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।
आरोप है कि इसके बाद छात्र को अपहरण की धमकी देते हुए रेलवे पटरी के पास मजार के सामने ले जाया गया, जहां आर्यन ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान सागर गुप्ता द्वारा मोबाइल से मारपीट का वीडियो बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। छात्र किसी तरह वहां से बचकर निकला। पीड़ित के पिता का आरोप है कि अगले दिन भी आर्यन ने उनके बेटे को धमकाया और रुपये नहीं देने पर दोबारा मारपीट करने की चेतावनी दी। शिकायत में रेलवे पटरी के आसपास नशा करने और पहले भी छात्र को परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, माता मंदिर रेलवे फाटक और आसपास के क्षेत्र में नशेड़ियों की गतिविधियां लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई हैं। रेलवे पटरी के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और नशेड़ियों के जमावड़े से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
अब सवाल यह है कि रिहायशी और स्कूली आवागमन वाले इस क्षेत्र में पुलिस की निगरानी कब बढ़ेगी? स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित गश्त, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *