देहरादून। राजधानी देहरादून में गौकशी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 15 नवंबर की देर रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट में चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन दोनों रुकने के बजाय पुलिस को पिस्तौल दिखाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में पहुंचने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान इरशाद (32) पुत्र मोहम्मद जमशेद, निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शमीम पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं में संलिप्तता का आरोप
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी इरशाद इसी माह प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर हुई गौकशी की घटनाओं में शामिल रहा है। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।