बदहाल पड़ी गुण्डियाट राजस्व पुलिस चौकी

पुरोला। विकासखंड के गुंदियाट गांव स्थित राजस्व पुलिस चौकी बदहाली का शिकार है। चौकी परिसर में जगह-जगह झाड़ियां उग आई है और भवन की स्थिति भी लंबे समय से उपेक्षा को दर्शा रही है। वहीं, चौकी में राजस्व विभाग के कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी नहीं होने से आसपास के गांवों के ग्रामीणों को छोटे-बड़े राजस्व कार्यों के लिए करीब 14 से 15 किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय पुरोला की दौड़ लगानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि राजस्व चौकी स्थापित करने का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही राजस्व संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना था लेकिन कर्मचारियों की अनुपलब्धता के चलते यह व्यवस्था अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रही है। नामांतरण, भूमि सीमांकन, भू-अभिलेखों में संशोधन और विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को पुरोला पहुंचना पड़ता है। इससे न केवल उनका समय और पैसा खर्च हो रहा है बल्कि खेती-किसानी और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण नितिन पंवार, तुषार नौटियाल, वीरेंद्र रावत सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से चौकी भवन की मरम्मत कराने और यहां नियमित रूप से राजस्व कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी का नियमित संचालन शुरू होने से आसपास के कई गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *