जंगलों की सुरक्षा को वन विभाग का लंबा पहरा

ाौगांव (उत्तरकाशी)। अपर यमुना वन प्रभाग की मुगरसन्ती रेंज में वन संपदा के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध कटान पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को अभियान के तहत पहले गश्ती दल को मुगरसन्ती रेंज कार्यालय से रवाना किया गया। रेंज अधिकारी विवेक चौहान ने हरी झंडी दिखाकर टीम को वन क्षेत्र के लिए रवाना किया।
रेंज अधिकारी विवेक चौहान ने बताया कि लंबी दूरी की इस गश्त के दौरान वन कर्मी जंगलों का स्थलीय निरीक्षण कर वन संपदा की स्थिति का जायजा लेंगे। टीम विभिन्न प्रजातियों के वन्य पौधों, बहुमूल्य एवं विशाल वृक्षों तथा वन्यजीवों की मौजूदगी और उनके संरक्षण से संबंधित जानकारियां जुटाएगी। इसके साथ ही अवैध पातन, वन भूमि को नुकसान पहुंचाने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि गश्ती दल वन क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों का विस्तृत आकलन कर अपनी रिपोर्ट रेंज कार्यालय को सौंपेगा। इससे वन संपदा के संरक्षण और प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलेगी। अभियान का उद्देश्य केवल जंगलों की निगरानी तक सीमित नहीं है बल्कि वन क्षेत्र से लगे गांवों के ग्रामीणों को भी संरक्षण अभियान से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *