पुल निर्माण की धीमी रफ्तार से 250 परिवारों की परेशानी बरकरार

नई टिहरी। कागजों में भले ही सीमांत गेंवाली गांव तक सड़क तक पहुंच गई लेकिन पुल का निर्माण पूरा नहीं होने से गेंवाली गांव के करीब 250 परिवारों को पूरी तरह से सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जाखणा के समीप गेंवाली गाड पर निर्माणाधीन पुल का काम धीमी गति से चल रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को गेंवाली गाड से गांव तक करीब एक किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। घरों तक सामान पहुंचाने के लिए घोड़े-खच्चरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
गेंवाली गांव को सड़क से जोड़ने के लिए वर्ष 2020 में स्वीकृति मिली थी। इसके बाद विनयखाल से गेंवाली तक करीब छह किलोमीटर सड़क का निर्माण वर्ष 2022 में पूरा कर लिया गया लेकिन गेंवाली गाड पर बनने वाला पुल अब तक अधूरा है। करीब 30 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण की शुरुआत से ही काम की गति धीमी रही है। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पुल निर्माण के लिए 2.12 करोड़ स्वीकृत किए गए थे। निर्माण के दौरान पिछले वर्ष अगस्त में आई आपदा से पुल को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद कुछ समय तक काम प्रभावित रहा। वर्तमान में भी निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। लगातार देरी के चलते पुल की निर्माण लागत बढ़कर 3.60 करोड़ तक पहुंच गई है।
गेंवाली के पूर्व प्रधान बचन सिंह रावत ने बताया कि गांव तक सड़क पहुंचने के बावजूद पुल नहीं बनने से ग्रामीणों की परेशानी जस की तस बनी है। गेंवाली गाड से गांव तक करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। घर का सामान गांव तक पहुंचाने के लिए घोड़े-खच्चरों का भाड़ा देना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *