जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शिवालिक नगर स्थित ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न क्रियाशील एवं अक्रियाशील मॉडल प्रस्तुत कर विज्ञान के क्षेत्र में अपनी समझ और तकनीकी कौशल का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और विद्यालय प्रबंधक अजयपाल सिंह रावत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि विज्ञान का हमारे दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। विज्ञान ने जहां मानव जीवन को सरल बनाया है, वहीं विकास के नए आयाम भी स्थापित किए हैं। वर्तमान समय में विज्ञान के बिना जीवन की कल्पना करना संभव नहीं है। विद्यालय प्रबंधक अजयपाल सिंह रावत ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। साथ ही उन्हें अपनी रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या शिवानी नेगी ने बताया कि 21 व 22 नवंबर को विद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विज्ञान प्रदर्शनी का परिणाम 22 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इस मौके पर पार्षद प्रवेंद्र सिंह रावत, हैप्पी होम स्कूल के प्रधानाचार्य अमित सिंह, एवीएन स्कूल के प्रबंधक रजनीश शर्मा, अभिभावक संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, ग्रीनवुड एकेडमी के प्रबंधक चंद्रशेखर, हिमालयन कल्चरल एकेडमी के प्रबंधक करुणेश कुकरेती और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भुवन मोहन सिंह गुसाईं आदि मौजूद रहे।