कण्वाश्रम में पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशने पहुंची टीम

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कण्वाश्रम को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों की टीम ने कण्वाश्रम से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे बैराज क्षेत्र का निरीक्षण कर पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशी।


जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के दिशा-निर्देशों पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और उपलब्ध भूमि का जायजा लिया। एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि कण्वाश्रम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। यह क्षेत्र कोटद्वार में पर्यटन विकास की जनआकांक्षाओं का प्रमुख केंद्र है। सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव को उचित स्तर पर रखा जाएगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी केपी जोशी ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जा रही है। कण्वाश्रम के समग्र विकास के लिए वृहद परियोजना तैयार की जा रही है, ताकि देश-विदेश के पर्यटक इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल तक पहुंच सकें। वहीं, कण्वाश्रम पर शोध कर रहे वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल ने टीम को क्षेत्र के ऐतिहासिक और पर्यटन संबंधी महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि सिंचाई विभाग की उपलब्ध भूमि पर्याप्त नहीं होती है तो आरक्षित वन क्षेत्र से कुछ भूमि लेकर भी विकास की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल राठौर, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार, ट्रैकर अमित सजवाण, मोहित कंडवाल और पवन रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *