देवाल। वाण स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट आगामी 24 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। दोपहर 12 बजे पूजा-अर्चना और विधि-विधान के साथ कपाट बंद होंगे। मंदिर के कपाट छह माह के लिए बंद रहेंगे। परंपरा के अनुसार, वैशाख पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए इन्हें फिर से खोला जाएगा। मां नंदा के धर्म भाई माने जाने वाले लाटू देवता मंदिर के कपाट बंद होने की तैयारी हुई। इस संबंध में मंदिर समिति और ग्रामीणों की एक बैठक भी हुई। बैठक में कपाट बंद होने सहित सभी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से 24 नवंबर को इस पर्व में शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा सिंह सहित कई ग्रामीण और पदाधिकारी मौजूद रहे।