डबल हेलमेट पहनने वालों को फूल देकर किया सम्मानित

देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को देहरादून पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान एसएसपी स्वयं मुख्य चौराहों पर पहुंचे और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट की अनिवार्यता के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस दौरान एसएसपी ने बिना हेलमेट पीछे बैठकर सफर कर रहे लोगों को हेलमेट की उपयोगिता समझाई और उन्हें अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, हेलमेट नहीं पहनने वाले पिलियन राइडर्स को पुलिस की ओर से हेलमेट भी वितरित किए गए।
वहीं, दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनकर यात्रा करने वाले जागरूक नागरिकों को एसएसपी ने फूल देकर सम्मानित किया। उनके इस जिम्मेदार व्यवहार की सराहना करते हुए अन्य वाहन चालकों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
चालान से बचने के लिए नहीं, जिंदगी बचाने के लिए जरूरी हैं यातायात नियम
एसएसपी देहरादून ने अभियान के दौरान कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। दून पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।उन्होंने वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग नहीं करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
पीछे बैठने वाले ने हेलमेट नहीं पहना तो चालक का भी कटेगा चालान
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) द्वारा हेलमेट नहीं पहनने की स्थिति में वाहन चालक के विरुद्ध भी नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी दोपहिया वाहन चालकों से स्वयं के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनाकर ही सफर करने की अपील की है। जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।दून पुलिस का यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को रेखांकित करता है। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *