चकराता (अलना)। विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अच्छे संस्कारों और सकारात्मक व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षाविद् डॉ. संजय कुमार मौर्य की पुस्तक ह्यविद्यार्थी जीवन में सद्गुण, चरित्र, संस्कार और सफलता की ओर एक प्रेरक यात्राह्ण का विमोचन किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज मेहूंवाला में आयोजित समारोह में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सेमल्टी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान देहरादून की प्रवक्ता ऋचा जयाल ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया।
राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू में शिक्षक के रूप में कार्यरत डॉ. संजय कुमार मौर्य को गवर्नर्स टीचर्स अवार्ड एवं शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस पुस्तक में विद्यार्थी जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल करते हुए चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, संस्कारों और व्यक्तित्व विकास पर विशेष प्रकाश डाला गया है।
पुस्तक के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में सद्गुण अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और सफलता के लिए सकारात्मक सोच विकसित करने की प्रेरणा देने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर जनपद विज्ञान समन्वयक सुधीर कांति, विभिन्न विकासखंडों के विज्ञान समन्वयक दलजीत सिंह, महावीर प्रसाद सेमवाल, पवन कुमार शर्मा, आशीष डबराल, पंकज बिजल्वाण एवं राजीव अग्रवाल, राजकीय इंटर कॉलेज मेहूंवाला के प्रधानाचार्य डीएस घरिया, राजकीय इंटर कॉलेज रानीपोखरी के प्रधानाचार्य खुशाल सिंह गुसाईं, राजकीय शिक्षक संघ देहरादून के अध्यक्ष सुभाष झल्डियाल और महामंत्री अर्जुन पंवार सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षाविद् मौजूद रहे।