चमोली:थराली के ब्लॉक सभागार में शनिवार को गढ़वाल मंडल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सम्मेलन में शैलजा कुमारी ने कहा कि जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है और भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बदलाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
शैलजा कुमारी ने धामी सरकार पर खनन, भ्रष्टाचार और जमीनों से जुड़े मामलों को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भूमि घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी जमीनों को बेचने से जुड़े मामलों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने थराली के विकास का मुद्दा उठाते हुए ब्लॉक मुख्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए।
सरकार के खिलाफ लड़ाई में पार्टी की एकजुटता जरूरी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार के खिलाफ लड़ाई में पार्टी की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने को कहा।
बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने बदरीनाथ में चंदा चोरी और केदारनाथ में सोने से जुड़े मामले को लेकर सवाल उठाए। पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं की कमी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सम्मेलन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।