जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आग लगने की घटनाओं के दौरान सूझबूझ और सही जानकारी बड़े नुकसान को रोक सकती है। इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति को अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल और आग बुझाने के प्राथमिक तरीकों की जानकारी हो। इसी उद्देश्य से मैरी किंडर गार्डन स्कूल, हल्दूखाता में अग्निशमन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग से बचाव के उपायों के साथ ही अग्निशामक यंत्रों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी महताब अली के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों और उस पर काबू पाने के तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लकड़ी, कागज और कपड़े में लगी आग को पानी से बुझाया जा सकता है, जबकि बिजली के उपकरणों और पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों में लगी आग पर पानी डालना खतरनाक हो सकता है। ऐसी परिस्थितियों में रेत, मिट्टी और उपयुक्त अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल करना चाहिए। बिजली से लगी आग पर काबू पाने के लिए सीओटू और ड्राई केमिकल पाउडर अग्निशामक यंत्रों की उपयोगिता भी बताई गई। अधिकारियों ने कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए। अग्निशमन उपकरणों की जानकारी केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहकर प्रत्येक परिवार और समुदाय तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अग्नि सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की।