चारापत्ती लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, पांच घंटे तक शव के पास डटे रहे ग्रामीण

वन विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से भड़का आक्रोश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार रेंज से सटी सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग में गुलदार की धमक ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। सोमवार को गाय के लिए चारापत्ती लेने जंगल गई 42 वर्षीय महिला को गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता की सूचना वन विभाग को दी जा रही थी, लेकिन विभाग ने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के कई घंटे बाद भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज ग्रामीण शव के पास ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गुलदार को शूट करने का आदेश नहीं दिया जाता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।


घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल (42 वर्ष) पत्नी कमल किशोर सिद्धबली-सनेह मार्ग के समीप जंगल में चारापत्ती लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। कविता की चीख-पुकार सुनकर मार्ग से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इस पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल कविता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को मार्ग पर रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीण कई घंटे तक वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार करते रहे। हालांकि, कुछ देर बाद कोटद्वार रेंजर विपिन जोशी वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभागीय वनाधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की धमक बनी हुई है, लेकिन वन विभाग समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन नवंबर को सनेह मल्ली में गुलदार ने आठ वर्षीय बच्ची पर भी हमला किया था। हालांकि, बच्ची की मां की तत्परता से उसकी जान बच गई थी। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर लगातार गुलदार दिखाई देने की घटनाएं सामने आती रहीं। ग्रामीणों ने पांच नवंबर को कोटद्वार रेंज कार्यालय का घेराव कर वन विभाग के समक्ष अपनी चिंता जताई थी। आरोप लगाया कि ग्रामीणों के विरोध के बाद विभाग ने पिंजरा लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली। गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने के लिए दो बार टीम भी क्षेत्र में पहुंची, लेकिन गुलदार की लोकेशन तक पता नहीं कर पाई। घटना की सूचना मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण भी मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने उन्हें वन विभाग की कार्यप्रणाली और पूर्व में दी गई शिकायतों की जानकारी देते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने प्रभागीय वनाधिकारी तरुण एस. से फोन पर वार्ता कर उनके मौके पर नहीं पहुंचने का कारण जानने का प्रयास किया। हालांकि, नेटवर्क की समस्या के कारण उनसे बातचीत नहीं हो पाई। करीब पांच घंटे तक चले विरोध के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीणों को गुलदार को शूट करने का आदेश दिखाया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को मौके से उठाने दिया।

आदेश पर श्रेय की लेने की राजनीति
कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में महिला की मौत के बाद ग्रामीण गुलदार को सूट करने की मांग पर डटे रहे। लेकिन, कुछ देर बाद आदेश जारी होने के बाद राजनीति का माहौल देखने को मिला। पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी मोबाइल पर आदेश दिखाकर वन मंत्री से वार्ता कर आदेश जारी करने की बात कर रहे थे। जबकि, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत भी स्वयं के द्वारा आदेश लाने की बात कहते रहे। हालांकि, कुछ देर बाद विधानसभा अध्यक्ष आदेश की कापी लेकर लोगों के बीच पहुंची और स्वयं का श्रेय लेने लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *