कोटद्वार पहुंचे शव, परिजनों में मची चीख-पुकार

शनिवार को गुजरात में सड़क दुर्घटना मेें हुई थी सात लोगों की मौत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे ने कोटद्वार के तीन परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार तड़के सेना के वाहनों से कोटद्वार के कौड़िया स्थित सेना कैंप लाए गए। यहां से तिरंगे में लिपटे सैनिकों के पार्थिव शरीर और उनके परिजनों के शव सैन्य सम्मान के साथ उनके आवासों तक पहुंचाए गए। घरों में अपनों के शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। परिजन शवों से लिपटकर बिलख पड़े। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका के पार्थिव शरीर पदमपुर सुखरो के ध्रुवपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचाए गए। यहां गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने उन्हें सलामी दी। जैसे ही तीनों के शव मोहल्ले में पहुंचे, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों का विलाप सुनकर हर किसी का कलेजा भर आया। जिस घर में कुछ दिन पहले तक खुशियां थीं, वहां एक साथ तीन अर्थियां पहुंचने से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (30) और चार वर्षीय बेटी वामिका के शव मोटाढाक के शिवराजपुर स्थित आवास पर पहुंचाए गए। मां और बेटी के शव देखते ही परिजन फफक पड़े। परिवार के सदस्यों को रोता-बिलखता देख गांव के लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। हादसे में द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता की भी जान चली गई। सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर लेकर सिमलचौड़ स्थित आवास पहुंचे तो वहां भी चीख-पुकार मच गई। हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आया। सभी शवों का सैन्य सम्मान के साथ मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *