यूकेडी युवा नेता बलबंत गुसाईं ने शुरू की ‘अग्याल यात्रा’

जनता से तन-मन-धन से उत्तराखंड क्रांति दल के साथ जुड़ने की अपील
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नई संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने के बाद उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता बलबंत गुसाईं ने मंगलवार को चौबट्टाखाल विधानसभा के सीमांत गांव फेड़ियोंगाड (कुंदनपुर, चौंडलिया, नरूलाझाल) से ‘अग्याल यात्रा’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आगामी 2027 के चुनाव में तन-मन-धन से उत्तराखंड क्रांति दल के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव हमारे लिए सिर्फ सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं है। यह पहाड़ के गांव, हमारी संस्कृति, हमारी परंपराओं और पूर्वजों द्वारा स्थापित देवस्थलों व थान-ठौ को बचाने की लड़ाई है। हमारे लिए यह एक देवकार्य है।


बलबंत गुसाईं ने कहा कि ‘अग्याल’ उत्तराखंड की पुरानी लोक परंपरा का हिस्सा है। देवकार्य या सामूहिक कार्यों के लिए पहले हर घर से अन्न अथवा आर्थिक सहयोग जुटाया जाता था। आज उसी परंपरा को राजनीतिक जनभागीदारी से जोड़ते हुए ‘अग्याल यात्रा’ शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पहले पहाड़ के घरों से अग्याल अन्न के रूप में आती थी, लेकिन 26 वर्षों की सरकारों ने पहाड़ के खेतों को इस हालत में पहुंचा दिया कि खेती करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। जंगली जानवर फसलों को नष्ट कर रहे हैं, खेती की लागत बढ़ रही है और गांव खाली होते जा रहे हैं। इसलिए इस बार जनता से अग्याल धन के रूप में जुटाने का आह्वान किया गया है, ताकि भाजपा-कांग्रेस के धनबल की राजनीति का मुकाबला जनता के जनबल से किया जा सके। बलबंत गुसाईं ने कहा कि वे चौबट्टाखाल के हर गांव और हर घर तक पहुंचेंगे और अग्याल जुटाएंगे। उनका उद्देश्य है कि जनता की छोटी-छोटी भागीदारी से एक ऐसा जनबल खड़ा हो, जो राष्ट्रीय दलों के धनबल को चुनौती दे सके और उत्तराखंड के हितों की राजनीति को मजबूत कर सके। इस अवसर पर ग्रामीणों ने बलबंत गुसाईं का नई जिम्मेदारी मिलने पर भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग दिया। स्थानीय निवासी गजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पूरा गांव युवा नेता बलबंत गुसाईं और उत्तराखंड क्रांति दल के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जहां भी आर्थिक सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी, हमारा गांव तन-मन-धन से बलबंत गुसाईं और उक्रांद के साथ खड़ा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *