जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व राज्यमंत्री एडवोकेट जसबीर राणा ने आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक के सनेह क्षेत्र में शूटर के आधे घंटे में पहुंचने की घोषणा के चौबीस घंटे बाद भी शूटर का न पहुंचना सरकार की लापरवाही को दर्शाता है। कहा कि सरकार का जनता के दु:ख दर्द से कोई भी सरोकार नहीं रह गया है। सरकार संवेदनहीन और अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं।

बता दें कि गत सोमवार को सनेह क्षेत्र के कोटडीढांग में गुलदार ने 42 वर्षीय महिला को निवाला बना दिया था। इससे पूर्व भी गुलदार सनेह क्षेत्र में लोगों पर हमला कर घायल कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद भी सरकार और वन विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है। सनेह क्षेत्र के लोग पिछले काफी समय से सरकार और वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग कर रहे है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सरकार और वन विभाग की लापरवाही से सनेह क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पूर्व राज्यमंत्री एडवोकेट जसबीर राणा ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की घोषणा के बाद भी विभागीय अधिकारियों की लापरवाही, शूटर का अब तक न पहुंचना सरकार की नाकामी का एक जीता जागता उदाहरण है। कहा कि पूरे प्रदेश में गुलदार एवं भालू लगातार लोगों पर हमला कर रहे है, लेकिन सरकार अपने गुणगान और नाचने गाने में मस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने गुणगान से बाहर निकलकर जंगली जानवरों से होने रहे जान माल के नुकसान को रोकने हेतु तत्काल रोडमैप तैयर कर निष्क्रिय अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही करें।