हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने लोगों को गुदगुदाया, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गगवाड़स्यूं घाटी के सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर बलोड़ी परिसर में आयोजित पांच दिवसीय 11वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का मंगलवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में लोक गायक गिरीश सनवाल, स्थानीय गढ़वाली अभिनेता गौरव गैरोला और उभरती कलाकार तनुप्रिया सुंदरियाल की शानदार प्रस्तुतियों ने समा बांधा। वहीं हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने अपने व्यंग्यों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं और क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य शांति देवी, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल प्रमेंद्र कुमार बिष्ट और उपायुक्त खाद्य सुरक्षा राजेंद्र सिंह रावत ने सयुक्त रूप में किया। समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों को अंग वस्त्र ओढ़ाकर तथा मंदिर की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में देकर सम्मानित किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला गगवाड़स्यूं घाटी की लोक सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। अपर निदेशक ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण में नई पीढ़ी की भागीदारी सराहनीय है। वहीं, राजेंद्र सिंह रावत ने स्थानीय पारंपरिक खानपान के संरक्षण और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इस मौके पर उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में हाईस्कूल के मेधावी आयुष कुमार और महक तथा इंटरमीडिएट के शिवांश बड़थ्वाल और ताप्ति थपलियाल को सम्मानित किया गया। मंदिर समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा और मेला संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू हुए इस मेले का आयोजन क्षेत्र के 34 गांवों के ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। इस मौके थानेश्वर महादेव समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी, राहुल तड़ियाल, अनिल बहुगुणा, अजय रावत, पौड़ी के कनिष्ठ प्रमुख नीरज पटवाल, मंदिर के पुजारी एवं कथावाचक सुधीर बत्र्वाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति के सचिव जगत किशोर बड़थ्वाल, नागेंद्र जुगराण ने किया।