दिव्यांग कोटे से भर्ती 100 शिक्षकों की होगी मेडिकल जांच

उत्तरकाशी। शिक्षा विभाग में दिव्यांग कोटे के तहत भर्ती हुए करीब 100 शिक्षकों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। दिव्यांग कोटे से अपात्र अभ्यर्थियों के नौकरी पाने की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया जा रहा है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर जांच प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी नामित करने को कहा है।
आरोप है कि कुछ अपात्र अभ्यर्थियों ने दिव्यांग कोटे का लाभ लेकर शिक्षा विभाग में नियुक्ति पा ली। यह प्रकरण तब सामने आया जब नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की। याचिका पर वर्ष 2022 में इन शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की राज्य मेडिकल बोर्ड से कराई गई। बताया गया कि जांच में फर्जीवाड़ा सामने आया था, लेकिन आरोपी शिक्षकों के खिलाफ तब से कार्रवाई नहीं हुई।
अब नए सिरे से शिक्षकों के स्वास्थ्य की जांच कराई जा रही है। पूर्व में एम्स ऋषिकेश में शिक्षकों की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू की गई थी लेकिन एसआईआर और जनगणना में डयूटी के चलते दिव्यांग कोटे से भर्ती सभी शिक्षकों की जांच नहीं हो पाई थी। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक करीब 100 शिक्षक हैं जिनकी मेडिकल जांच होनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *