गौचर में सार्वजनिक पुस्तकालय का अभाव

कर्णप्रयाग। तेजी से विकसित होते गौचर नगर में सार्वजनिक और निजी पुस्तकालयों का अभाव है। ऐसे में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) ने युवाओं के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था की है। इसमें पांच हजार से अधिक किताबें उपलब्ध हैं। बाहरी युवा व आम लोग सुबह 10 से शाम 5 बजे तक यहां आकर पढ़ाई कर सकते हैं।
रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी वाले इस नगर में पॉलीटेक्निक, आईटीबीपी, डायट सहित कई संस्थान कार्यरत हैं लेकिन यहां कोई भी सार्वजनिक पुस्तकालय नहीं है। कोविड के बाद यहां डायट ने पुस्तकालय की सुविधा लोगों को दी है। डायट के पुस्तकालय प्रभारी डॉ. कमलेश कुमार मिश्र का कहना है कि पुस्तकालय में करीब 5 से 7 हजार पुस्तकें हैं। यहां करीब 30 से 40 लोग बैठकर पढ़ सकते हैं। यहां से किताबें बाहर नहीं दी जाती हैं। पुस्तकालय में अधिकतर युवा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चे ही पढ़ने आते हैं।
करीब 30 से 35 बच्चे रोज यहां पढ़ते हैं। कुछ अपनी किताबें और लैपटॉप लेकर भी पढ़ते हैं। कुछ को संस्थान की किताबें भी मदद करती हैं। पुस्तकालय में सभी चीजें दुरुस्त रहे इसके लिए 50 रुपये प्रतिमाह और 100 रुपये सदस्यता का न्यूनतम शुल्क रखा गया है। जगह कम होने के चलते इसका विस्तार नहीं हो पा रहा है।
वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान ने बताया कि अभी सार्वजनिक पुस्तकालय को तैयार करने जैसा कोई प्रस्ताव नहीं है। भविष्य में इसकी योजना पर चर्चा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *