गोपेश्वर। जिले में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के अटैचमेंट समाप्त करने के लिए जिला पंचायत शासन को प्रस्ताव भेजेगी। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष दौलत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अटैचमेंट व्यवस्था खत्म करने का मुद्दा उठाया। सदन ने इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजने का निर्णय लिया।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं। गर्भवतियों को कई किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचना पड़ता है और कई बार रास्ते में ही प्रसव की स्थिति बन जाती है। जिले के अन्य अस्पतालों में भी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। सदस्यों ने महिला बेस अस्पताल सिमली को डिलीवरी सेंटर के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात एएनएम को दूसरे जिलों में अटैच किए जाने पर आपत्ति जताई।
इस पर सीएमओ डॉ. राजीव पाल ने बताया कि कर्मचारियों के अटैचमेंट शासन स्तर से किए जाते हैं। इसके बाद सदन ने अटैचमेंट व्यवस्था समाप्त करने का प्रस्ताव पारित किया। वन विभाग की समीक्षा में सदस्यों ने वन्यजीवों के हमलों में मवेशियों के मारे जाने और लोगों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन ने मुआवजा प्रक्रिया और वन्यजीवों से बचाव के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी दी।