तीन साल बाद भी नहीं मिली सेवानिवृत्ति की धनराशि

उत्तरकाशी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद से सेवानिवृत्त हुए तीन साल बीतने के बाद भी उन्हें धनराशि नहीं मिल पा रही है। आर्थिक तंगी और खराब स्वास्थ्य से जूझ रही कार्यकर्ता को उपचार कराने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाकर लंबित धनराशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की है। जिलाधिकारी को सौंपे प्रार्थनापत्र में बौन गांव निवासी पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंद्रा देवी ने बताया कि वह करीब तीन वर्ष पूर्व अपने पद से सेवानिवृत्त हो चुकी है। नियमानुसार सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली धनराशि के लिए उन्होंने कई बार प्रयास किए लेकिन अब तक उन्हें भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है और उपचार की आवश्यकता है। चंद्रा देवी ने कहा कि लंबे समय तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली धनराशि उनके लिए आर्थिक सहारा है लेकिन तीन साल से भुगतान लंबित होने के कारण उनकी परेशानियां बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *