चमोली में आंगनबाड़ी सह क्रेच केंद्रों के लिए 36 पदों पर भर्ती

कर्णप्रयाग। जिले के नौ विकासखंडों में संचालित 18 आंगनबाड़ी सह क्रेच केंद्रों के लिए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने 36 पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें क्रेच वर्कर के 18 और क्रेच हेल्पर के 18 पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 17 दिसंबर तक संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय में केवल पंजीकृत डाक से आवेदन भेज सकते हैं। कर्णप्रयाग, दशोली, नारायणबगड़, पोखरी, नंदानगर, ज्योतिर्मठ, गैरसैंण, थराली और देवाल ब्लॉक के दो-दो केंद्रों में भर्ती की जाएगी। इनमें पीलसेरा और प्रेम बहुगुणा नगर, सुभाषनगर-2 और विवेकानंद कॉलोनी, नारायणबगड़ और मैदुनी, जिलासू और पोखरी-2, कुरुड़ और कुन्तरी फाली, नागचोडारी और डाडों, गैर-2 और धारगट, कुलसारी और राड़ीबगड़ तथा सैलखोला और देवाल शामिल हैं। क्रेच वर्कर के लिए इंटरमीडिएट और हेल्पर के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन शैक्षिक योग्यता की मेरिट के आधार पर होगा। चयनित क्रेच वर्कर को 5500 रुपये और हेल्पर को 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। आवेदन के साथ चरित्र प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन और चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बताया कि आवेदन पत्र संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय और जिला कार्यक्रम कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *