कमजोर बूथों पर जीत की जमीन तैयार करेगी भाजपा

उत्तरकाशी। प्रदेश में 2022 के विस चुनाव में कमजोर प्रदर्शन वाले बूथों पर इस बार मजबूत जीत के लिए भाजपा बूथ विजय अभियान शुरू करने जा रही है। 10 दिसंबर से 25 दिसंबर के बीच इस अभियान के तहत बूथ स्तर तक पार्टी के बड़े नेता पहुंचेंगे। पखवाड़े तक चलने वाले बूथ विजय अभियान की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।
इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शक्ति सम्मेलन एवं विभिन्न कार्यक्रमों से घर-घर, सरकार का रिपोर्ट कार्ड एवं उपलब्धियां को पहुंचाएंगे। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि चुनावी जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति के क्रम में पार्टी बूथ विजय अभियान चलाने जा रही है।यह विशेष अभियान बूथ सशक्तीकरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने वाला है। इसकी शुरुआत 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नौ दिसंबर और दस दिसंबर का दो दिवसीय देवभूमि प्रवास प्रस्तावित है। इस प्रवास के क्रम में अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सांगठनिक कार्यक्रमों में वे शामिल होंगे। नौ दिसंबर की शाम को प्रदेश की कोर कमेटी बैठक में और इसके बाद दस दिसंबर को बूथ विजय अभियान में शामिल होंगे।
बूथ अध्यक्ष के घर पर लगेगी नाम पट्टिका
चुनाव रणनीति की दृष्टि से भाजपा इसे अतिमहत्वपूर्ण अभियान मान रही है। ए, बी और सी तीनों श्रेणियों के बूथों पर यह अभियान चलेगा। मकसद होगा बी श्रेणी को ए यानी हमेशा जीतने वाले बूथों में बदलना। सी श्रेणी के भी न जीते बूथों को भी जीत में बदलने पर फोकस रहेगा। इस दौरान बूथ अध्यक्ष के घर पर उनके नाम की पट्टिका और पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन अल्मोड़ा लोकसभा के एक बूथ की बैठक लेते हुए बूथ विजय अभियान का आगाज करेंगे। उसी लोकसभा के अंतर्गत एक शक्ति केंद्र सम्मेलन वृहद स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *