देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने टिकट वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए रणनीतिक कवायद शुरू कर दी है। देहरादून में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की पहली बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्क्रीनिंग कमेटी को चार गोपनीय सर्वे रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों का राजनीतिक आकलन किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सक्रियता, जनाधार, लोकप्रियता और जीतने की क्षमता के आधार पर संभावित प्रत्याशियों की पहचान करना है।
तीन-तीन संभावित नामों का पैनल होगा तैयार
स्क्रीनिंग कमेटी की अगली बैठक से पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन-तीन संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार किए जाने की रणनीति है। पैनल तैयार होने के बाद उम्मीदवारों की छंटनी और अंतिम नामों के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। पार्टी टिकट के दावेदारों की जमीनी पकड़, क्षेत्र में उनकी सक्रियता और लोकप्रियता को प्रमुख आधार मान रही है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर सर्वे कराए गए हैं। इनमें कांग्रेस की स्थानीय टीम, एआईसीसी की टीम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और थर्ड पार्टी सर्वे की रिपोर्ट शामिल हैं। इन सभी रिपोर्टों को पार्टी हाईकमान के समक्ष रखा गया है। कांग्रेस इस बार केवल अपने संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन नहीं कर रही है, बल्कि विपक्षी दल भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की राजनीतिक स्थिति और चुनावी संभावनाओं का भी विश्लेषण कर रही है। पार्टी का प्रयास है कि प्रत्येक सीट पर मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार को मैदान में उतारा जाए।
पीसीसी से लिया गया फीडबैक, रणनीति पर मंथन
बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन दीपा दासमुंशी और अन्य सदस्यों ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से बंद कमरे में करीब तीन घंटे तक फीडबैक लिया। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, विधानसभा क्षेत्रों के समीकरणों और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र में जमीनी स्तर पर सक्रिय और लगातार जनता के बीच काम करने वाले नेताओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता दी जाएगी।
कर्मठ कार्यकर्ताओं को मिलेगा टिकट : दीपा दासमुंशी
स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति के साथ भी बैठक कर सभी विधानसभा सीटों के समीकरणों पर चर्चा की। इसमें संभावित दावेदारों की दावेदारी, संगठनात्मक सक्रियता, जनाधार और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर प्रत्याशी चयन की रणनीति बनाई गई।
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन दीपा दासमुंशी ने कहा कि पार्टी के लिए काम करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं को टिकट देने में प्राथमिकता दी जाएगी। उनका कहना है कि पार्टी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।