देहरादून। ढोल-दमाऊं की गूंज, लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियां और पारंपरिक लोकनृत्यों की छटा उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। इस विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी स्कूल में आयोजित ‘उत्तराखंड लोक विरासत-2026’ कार्यक्रम में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति महज मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी जड़ों, इतिहास, परंपराओं और पूर्वजों के संघर्षों की अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के साथ ही अपनी विरासत पर गर्व करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजकों और संस्कृति प्रेमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में ऐसे मंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जब ढोल-दमाऊं की थाप गूंजती है और पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति मंच पर साकार होती है, तो हर उत्तराखंडी का मन अपनी मिट्टी और गांव की स्मृतियों से जुड़ जाता है। हमारी लोक परंपराओं में प्रकृति के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता और सामूहिक जीवन की भावना समाहित है। लोकगीत और लोकनृत्य हमारे पूर्वजों के अनुभवों, संघर्षों और जीवनशैली को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान देने के साथ आधुनिक विकास को भी गति मिल रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास और उज्जैन में महाकाल लोक इसके उदाहरण हैं। इसी सोच के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है।
लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता और सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर के वास्तविक संवाहक हैं। उनके योगदान और साधना का सम्मान करना सरकार और समाज दोनों का दायित्व है।
कलाकारों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक छह महीने में उनकी सूची अद्यतन की जाती है, ताकि जरूरतमंद कलाकारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में सूचीबद्ध लगभग 3,200 लोक कलाकारों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में पात्र वरिष्ठ एवं अस्वस्थ लोक कलाकारों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है। सरकार लोक कलाकारों के कल्याण और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गुरु-शिष्य परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाएं सदियों से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती रही हैं। इस परंपरा को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार छह माह की गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित कर रही है। इनके माध्यम से युवाओं को अनुभवी लोक कलाकारों से सीधे प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा सांस्कृतिक धरोहर से संबंधित पुस्तकों के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता तथा लोककलाओं के संरक्षण और प्रदर्शन के लिए कला दीर्घाएं स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने साहित्यकारों और लेखकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उत्तराखंड की लोकभाषाओं और बोलियों में यहां की सभ्यता, जीवन दर्शन और सामाजिक मूल्यों की झलक मिलती है। साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट जैसे पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। हिंदी और स्थानीय भाषाओं में साहित्यिक पुस्तकों के प्रकाशन के लिए भी अनुदान दिया जा रहा है।