जखोली। सीएचसी जखोली में विशेषज्ञ चिकित्सकों का टोटा बना है। यहां पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने से बांगर पट्टी, लस्या और सिलगढ़ क्षेत्र के करीब 100 से अधिक गांवों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए करीब 61 से 218 किमी दूर श्रीनगर या देहरादून जाना पड़ रहा है।
सीएचसी में अस्पताल में चिकित्सकों के कुल सात पद स्वीकृत हैं। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ के पद रिक्त हैं। रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति न होने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। विशेषकर गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला चिकित्सालय जाना पड़ता है। हालांकि अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ और लैब की सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। सीएमओ डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए निदेशालय को पत्र भेजे गए हैं। उम्मीद है कि जल्द रिक्त पदों पर नियुक्ति होगी। वहीं राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र दत्त सकलानी ने चेतावनी दी कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।