शादी का झांसा देकर युवती से बनाए शारीरिक संबंध, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार कर उसे धमकाने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र निवासी एक युवती ने कोतवाली पटेलनगर में लिखित शिकायत देकर बताया कि रोहित छाबड़ा नामक व्यक्ति ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित छाबड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 351(2) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशों के अनुपालन में पटेलनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को देहराखास क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित छाबड़ा (40 वर्ष) पुत्र राजकुमार छाबड़ा, निवासी मकान संख्या 104, बालाजी अपार्टमेंट, वसुंधरा एनक्लेव, देहराखास, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *