अल्मोड़ा। उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की कोशिश का स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया। शनिवार सुबह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (अरक) की आठ सदस्यीय टीम मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के लिए जागेश्वर पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों, पुजारियों और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और मौके पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, जागेश्वर धाम स्थित संग्रहालय में प्राचीन काल की कई दुर्लभ और ऐतिहासिक महत्व की मूर्तियां लंबे समय से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में रखी गई हैं। शनिवार को एएसआई की टीम के साथ मूर्तियों को पैक कर दिल्ली ले जाने के लिए पैकिंग का सामान भी मौके पर पहुंच चुका था। इसकी भनक लगते ही स्थानीय लोगों और पुजारियों ने कड़ा विरोध जताया। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि जागेश्वर मंदिर समूह की प्राचीन विरासत से जुड़ी लकुलीश और पौराण राजा जैसी दुर्लभ मूर्तियां वर्षों से इसी संग्रहालय में संरक्षित हैं। इन मूर्तियों का धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि बिना क्षेत्र के लोगों को विश्वास में लिए इन ऐतिहासिक धरोहरों को दिल्ली कैसे ले जाया जा सकता है।
मौके पर विरोध और हंगामा बढ़ने के बाद एएसआई की टीम को अपना निर्णय बदलना पड़ा। बताया गया कि टीम ने मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया रोक दी। साथ ही पूरे मामले की जानकारी और स्थानीय लोगों की शिकायतों की आख्या विभाग के महानिदेशक को भेजी गई।