जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली। सतपुली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिलखेत निवासी एक व्यक्ति ने बेटी के पति सहित अन्य ससुरालियों पर दहेज
हत्या का आरोप लगाया है। व्यक्ति की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजस्व पुलिस को दी तहरीर में ग्राम बिलखेत निवासी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2018 को उनकी बेटी संगीता
का विवाह ग्राम हथनूड़ (कुठार) निवासी संजय कुमार के साथ हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही
ससुराल पक्ष ने दहेज की खातिर संगीता से मारपीट शुरू कर दी। अपने साथ होने वाली मारपीट के बारे में उनकी बेटी
फोन पर उन्हें बताती थी। उन्होंने बताया कि बेटी का पति चंडीगढ़ स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन
वह उसे खर्चे के लिए पैसे तक नहीं भेजता था। वह खुद ही बेटी के लिए महीने का खर्चा भेजा करते थे। उन्होंने बताया
कि कुछ दिन पहले उनकी बेटी पति व छोटी बेटी के साथ मायके आई थी। इसके बाद बेटी की सास ने उन्हें फोन किया
और कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को वापस भेजा तो वह उसे जान से मार देंगे। कुछ दिन उनके घर रुकने के बाद बेटी
वापस ससुराल चली गई। ससुराल वापसी के अगले दिन ही हथनूड़ के ग्राम प्रधान ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी की
मौत हो गई है। जब वह बेटी के ससुराल पहुंचे तो ससुराल वालों ने उसका शव एक कमरे में बंद किया हुआ था और
उन्होंने शव दिखाने से भी इंकार कर दिया। सुरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि प्रधान से शिकायत करने पर ससुराल पक्ष ने
उन्हें चादर से ढंका शव दिखाया। राजस्व उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति संजय कुमार,
ससुर मनोज कुमार, सास रुमाली देवी, देवर अमित कुमार, ननद प्रियंका और नीलम के खिलाफ दहेज हत्या में मामला
दर्ज किया गया है।