बिग ब्रेकिंग

कूड़ेदान के बजाय सड़क पर बिखरा पड़ा कूड़ा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। यदि सड़क पर कूड़ा पड़ा हुआ है तो उसके लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ नागरिक भी बराबर के दोषी हैं। क्योंकि यदि हम कूड़ा सड़क पर डालेंगे ही नहीं तो वहां पर गंदगी नहीं फैलेगी, जबकि नगर निगम प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर कूड़ेदान भी रखे हुए हैं, लेकिन अधिकांश लोग इसके बावजूद भी कूड़ा सड़क या कूड़ेदान के बाहर डालते हैं। क्योंकि लोग अपनी जिम्मेदारी को नहीं समझ रहे हैं। वह निगम पर दोषारोपण कर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। इसकी वजह से सफाई अभियान चलाए जाने के बाद भी पूरी तरह से सफाई कार्य नहीं हो पा रहा है और सड़क पर इधर-उधर कूड़ा पड़ा देखा जा सकता है।
ज्ञातव्य हो कि नगर निगम ने पूर्व में शहर में ऐसे सार्वजनिक स्थानों को चिन्हित किया था, जहां पर लोग कूड़ा डालते है। इन स्थानों पर निगम की ओर से कूड़ेदान लगाये गये। जिसमें लोग कूड़ा डाल सकें और शहर में साफ-सफाई बनी रही, लेकिन इसके बावजूद भी सड़कों पर कूड़ा पड़ा देखा जा सकता है। इन कूड़ेदानों में से अधिकांश को तो शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है, लेकिन इस ओर किसी का भी ध्यान नहीं जा रहा है। खासकर उन स्थानों पर यह स्थिति आम है जहां पर कूड़ेदान रखे हुए हैं, क्योंकि लोग कूड़ेदान में कूड़ा न डालकर इसके बाहर डाल देते हैं, जिससे वहां पर गंदगी फैल जाती है। नजीबाबाद रोड, देवीरोड, मालगोदाम रोड रोड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों में निगम की ओर से कूड़ेदान लगाये गये है। वहां पर भी जिम्मेदार लोग कूड़े को कूड़ेदान के बजाय बाहर फेंक देते है। यह तो मात्र उदाहरण है, पूरे निगम क्षेत्र में ऐसे कई स्थान देखने को मिल जाएंगे। जहां पर प्रतिष्ठित एवं समझदार लोग कूड़ेदान होने के बाद भी सड़क पर नालियों के किनारे कूड़ा डाल रहे हैं। इससे एक तो वहां पर आवारा पशुओं का जमावड़ा होने लगता है तो दूसरी ओर गंदगी फैलने के साथ ही यह कूड़ा सड़क पर बिखरा रहता है। वही गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का भी डर रहता है। इन सभी समस्याओं का समाधान तभी हो सकता है। जब हम सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हो जाएंगे।

क्या कहते है नगर आयुक्त
कोटद्वार। 
नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि निगम की ओर से जगह-जगह कूड़ा डालने के लिए डस्टबीन लगा रखे है, लेकिन लोग डस्टबिन के बजाय सड़क पर ही कूड़ा डालकर चले जाते हैं। जिससे शहर में गंदगी बढ़ती है। कहा कि सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है। नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!