स्लोगन में प्रियंका, वाद-विवाद प्रतियोगिता में अंजलि प्रथम स्थान पर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। डॉक्टर पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की एनसीसी इकाई और गुरूकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय हरिद्वार द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर संयुक्त रूप से ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में कैडेट विशाल टेश्वर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, स्लोगन प्रतियोगिता में प्रियंका कोटद्वार, लाइव वाद-विवाद प्रतियोगिता में अंडर ऑफिसर अंजलि नेगी महाविद्यालय कोटद्वार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय हरिद्वार के एनसीसी अधिकारी डॉ. राकेश भुटियानी, कुलपति प्रो. रूप किशोर शास्त्री, प्राचार्य प्रो. जानकी पंवार ने गोष्ठी का शुभारंभ किया। कुलपति प्रो. रूप किशोर शास्त्री ने पर्यावरण और परिस्थितिकी तंत्र पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति का आदर और संरक्षण करना ही भारत की सांस्कृतिक पहचान है। प्राचार्य प्रो. जानकी पंवार ने वर्तमान में कोविड की विषम परिस्थिति में पर्यावरण के बचाव का संदेश देते हुए कहा कि पारिस्थितिकी तंत्र की पुर्नस्थापना समय से न की गई तो इसके परिणाम भयावह होंगे। पर्यावरण सुरक्षा के लिए एनसीसी कैडेट्स के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। गोष्ठी में विनय सेठी नोडल अधिकारी पर्यावरणीय जागरुकता एवं मूल्य चेतना प्रकोष्ठ, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार ने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर पर्यावरण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता एवं लाइव वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की एनसीसी प्रभारी डॉ. तनु मित्तल ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में कैडेट विशाल टेश्वर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय प्रथम स्थान पर, कैडेट मयंक सिंह रावत महाविद्यालय कोटद्वार द्वितीय स्थान पर एवं कैडेट तृप्ति नेगी कोटद्वार तृतीय स्थान पर रही। स्लोगन प्रतियोगिता में प्रियंका कोटद्वार प्रथम, कैडेट अभिनव विश्नोई गुरुकुल कांगड़ी विश्विद्यालय द्वितीय, कैडेट रोहित सिंह रौतेला कोटद्वार तृतीय स्थान पर रहा। लाइव वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अंडर ऑफिसर अंजलि नेगी महाविद्यालय कोटद्वार, द्वितीय स्थान पर विशाल मिश्रा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय एवं तृतीय स्थान पर कैडेट प्रवेश बराक गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय रहे। इस अवसर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की जंतु विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. स्मिता बडोला, कैडेट इशांक, अंजलि नेगी, अभिनव विश्नोई, मो. अफजल, प्रवेश, वर्धन शाह, अनन्या द्विवेदी, मयंक वर्मा, आकाश, मोहम्मद कैफ, प्रवेश बराक, रितु, विशाल वर्मा आदि मौजूद रहे।