विकासनगर। विकासनगर में पोस्ट ऑफिस के पीछे निर्माणाधीन शहीद स्थल को लेकर पूर्व सैनिकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। गत दिवस अधूरे निर्माण कार्य के बीच लोकार्पण कराए जाने की तैयारी और कार्यक्रम में देरी से नाराज समस्त पीबीओआर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन पछवादून के सदस्यों ने लोकार्पण कार्यक्रम का सामूहिक बहिष्कार किया था। पूर्व सैनिकों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, अवधि और स्थल पर लगाए गए 17.89 लाख रुपये के कार्य संबंधी बोर्ड पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व सैनिकों को लोकार्पण कार्यक्रम के लिए सुबह 11 बजे का समय दिया गया था, लेकिन 11:30 बजे तक कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ। वहीं, करीब 30 महीने से निर्माण कार्य जारी होने के बावजूद शहीद स्थल का काम पूरा नहीं होने पर पूर्व सैनिकों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब निर्माण कार्य अधूरा है तो लोकार्पण की जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है?
पूर्व सैनिकों ने सवाल उठाया था कि जब किसी भवन का निर्माण पूरा होने से पहले उसका उपयोग शुरू नहीं किया जाता, तो फिर शहीद स्थल के अधूरे निर्माण के बीच लोकार्पण क्यों कराया जा रहा है? उन्होंने निर्माण कार्य में खर्च हुई धनराशि और कार्य की स्थिति की जांच कराने की मांग भी उठाई थी। इन परिस्थितियों के चलते पूर्व सैनिकों ने सर्वसम्मति से सुबह 11:35 बजे लोकार्पण कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया था।
शाम को बदला नजर आया माहौल, विधायक के समर्थन में लगे नारे
वहीं, गत दिवस शाम के समय कुछ पूर्व सैनिक एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद स्थल के निर्माण कार्य को लेकर अपनी बात रखते हुए विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान द्वारा कराए गए कार्य की सराहना की। उन्होंने शहीद स्थल के निर्माण कार्य को अच्छा बताते हुए विधायक के समर्थन में नारेबाजी भी की। दिन में निर्माण कार्य को लेकर विरोध और बहिष्कार के बाद शाम को सामने आए इस बदले रुख ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया।
संगठन की एकजुटता पर भूपेंद्र डोगरा का बयान
इस पूरे घटनाक्रम के बीच समस्त पीबीओआर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन पछवादून के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह डोगरा ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को तोड़ने और कमजोर करने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी एकता, अनुशासन और समर्पण से बनी रहती है। संगठन के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस घटनाक्रम में एक ओर पूर्व सैनिकों ने शहीद स्थल के अधूरे निर्माण और खर्च से जुड़े सवाल उठाकर जांच की मांग की, वहीं दूसरी ओर कुछ पूर्व सैनिकों ने विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए समर्थन जताया। अब देखना होगा कि निर्माण कार्य को लेकर उठाए गए सवालों पर संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।