कोटद्वार-पौड़ी

साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत उठाएं कदम, लूटी रकम आ सकती है वापस

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
जनपद पौड़ी गढ़वाल में भी साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। साइबर ठग लोगों को ठगने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी रिश्तेदार बनकर तो कभी बैंक अधिकारी-कर्मचारी बनकर खाते की जानकारी लेते हैं। वेबसाइट पर सस्ते दाम में सामान देने का विज्ञापन देकर भी ठगी कर रहे हैं। इन सब मामलों में अगर, पीड़ित समय पर सूचना दें तो रकम वापस कराई जा सकती है।
अगर आप साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो सतर्कता अपना कर अपने पैसे वापस पा सकते हैं। इसके लिए आपको ठगी के तुंरत बाद साइबर सेल में इसकी शिकायत करनी होगी। अगर आप पुलिस साइबर सेल को समय पर सूचित कर देते हैं तो पुलिस आपकी रकम वापस करा सकती है। आगरा पुलिस की साइबर सेल के पास पिछले दिनों कुछ इसी तरह के केस आए हैं। पीड़ितों की तत्परता से पुलिस ने ठगी के पैसे को उनके खातों में वापस कराया। पौड़ी गढ़वाल की साइबर सेल के अनुसार ई वालेट और खाते से रकम निकलने पर तत्काल सूचना देने पर रकम को होल्ड कराया जा सकता है। इसके बाद रकम वापस कराई जा सकती है। सूचना देने में देरी पर पीड़ित को रकम वापस कराना आसान नहीं होता है। इसके लिए रेंज और जिला साइबर सेल लोगों को जागरूक भी कर रही है। ठगी के शिकार कई लोगों की रकम वापस भी कराई है।
साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी फोन करके बैंक खाते और एटीएम कार्ड की जानकारी लेते हैं। इसलिए अंजान लोगों के फोन कॉल पर विश्वास कतई न करें। कोई भी बैंक फोन करके खाते की जानकारी नहीं लेता है। मोबाइल फोन पर आने वाले किसी लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। अगर, बैंक कर्मचारी, अधिकारी परिचित बनकर कोई कॉल करे तो समझ जाएं कि धोखाधड़ी हो सकती है। किसी वेबसाइट पर सस्ते रेट में सामान की बिक्री करने वालों पर भरोसा न करें। खाते और ई वालेट से रकम ट्रांसफर होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

पुलिस को समय पर दी सूचना, रकम वापस मिल गई
केस:1

ग्राम सिरोली क्यार्क पट्टी इडवालस्यूं पौड़ी गढ़वाल निवासी एक युवक के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 19999 रूपये निकालकर ऑनलाइन ठगी कर ली। युवक ने तत्काल पुलिस को शिकायत कर दी। साइबर सेल ने जांच की। इसमें ई वालेट कंपनी से संपर्क किया। इसके बाद रकम को होल्ड कराकर 8 जून 2021 को वापस करा दिया गया। 

केस: 2

शाकंबरी कॉलोनी पदमपुर कोटद्वार एक महिला के खाते से अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन 66,980 रूपये निकाल लिये है। महिला ने इसकी शिकायत पौड़ी जिले की साइबर सेल की। साइबर सेल ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ठगी की 66,980 रूपये की धनराशि में से 16,990 रूपये लौटा दिये है। शेष धनराशि के संबंध में पत्राचार जारी है।

केस : 3
संगलिया थाना धुमाकोट निवासी एक महिला ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई की किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से 66,980 रूपये की धनराशि निकालकर ठगी कर दी है। पौड़ी जिले की साईबर सेल टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता के 37,790 रूपये की धनराशि लौटा दी है। शिकायतकर्ता के खाते से कटी शेष धनराशि के सम्बन्ध में पत्राचार जारी है।

जागरूक कर रही साइबर सेल
पौड़ी जिले में साइबर सेल टीम कोटद्वार कोतवाली में तैनात है। सेल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी संदेश देकर लोगों को जानकारी दी जा रही है। साइबर सेल के अनुसार अगर पीड़ित समय रहते साइबर ठगी के बारे में पुलिस को सूचित कर देते हैं तो पीड़ित के खाते में पैसा वापस आने की संभावना बढ़ जाती है।

रहना होगा जागरूक
पौड़ी गढ़वाल में आए दिन साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर ठगी से जुड़े केस में लगातार इजाफा हो रहा है। साइबर ठगी की घटनाएं हम लोगों की ही लापरवाही से होती है। खुद को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने के लिए जागरूक रहना होगा।

साइबर सेल ने लौटाए ठगी के 57,983 रूपये में से 15 हजार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
पौड़ी पुलिस की साइबर सेल कोटद्वार की टीम को एक और कामयाबी मिली है। साइबर सेल ने ठगी का शिकार हुये युवक को 57,983 रूपये की धनराशि में से 15 हजार रूपये वापस दिलाये है।
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पिछले दिनों लालपानी निवासी हर्षवर्धन सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद ने लिखित प्रार्थना पत्र दिया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से 57,983 रूपये की धनराशि निकालकर ठगी कर दी है। साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पीड़ित को 15 हजार रूपये की धनराशि लौटा दी है, जो उसके खाते में आ गई है। पीड़ित के खाते से कटी शेष धनराशी के सम्बन्ध में पत्राचार जारी है। टीम में साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक विजर्य ंसह, उपनिरीक्षक रफत अली, कांस्टेबल कैलाश शाह, अरविंद राय शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!