पंतजलि सेवाश्रम मुल्या गांव में मोरारी बापू करेंगे रामकथा
नई टिहरी। संत मोरारी बापू भगवान राम की तपस्थली देवप्रयाग पहुंचे। उन्होंने देवप्रयाग में मां गंगा व भगवान रघुनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। संत मोरारी बापू शनिवार से पंतजलि सेवाश्रम, मुल्या गांव में राम कथा करेंगे। सुप्रसिद्ध संत मोरारी बापू शुक्रवार को तीर्थ नगरी देवप्रयाग पहुंचे। वह अपने शिष्यों के साथ अलकनंदा और भागीरथी संगम पर गये गंगा स्नान के बाद उन्होंने मां गंगा का पूजन किया, और तीर्थपुरोहितों को दान-दक्षिणा दी। गंगा संगम पर भगवान के नाम की माला का जप किया। वह प्राचीन श्री रघुनाथ मंदिर भी गये। भगवान श्री राम की तपस्थली में भगवान श्री रघुनाथ के दर्शन से वह भाव-विभोर हो उठे। मंदिर में भगवान रघुनाथ के दर्शन पूजन के बाद वह मुल्या गांव के लिए रवाना हो गए। देवप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष व चार धाम तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल ने तीर्थपुरोहित समाज और क्षेत्रवासियों की ओर से उनका स्वागत किया। शनिवार को पतंजलि सेवाश्रम में प्रात दस बजे संत मोरारी बापू राम कथा की शुरुआत करेंगे। उद्योगपति जालान की और से आयोजित कि जा रही रामकथा को कोरोना महामारी के चलते यू ट्यूब और धार्मिक चैनलों के माध्यम से प्रसारित किया जाऐगा। मोरारी बापू पालकी से संगम और श्री रघुनाथ मंदिर तक पहुंचे। इस मौके पर पं. सोमनाथ भट्ट, आचार्य अमित बन्दोलिया, योगेश भट्ट, सुरेश टोडरिया, गिरीश चन्द्र आदि मौजूद थे।