दो अक्टूबर को कांग्रेस सरकार की नाकामियों को लेकर जायेगी गांव-गांव
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। कांग्रेस ने गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर हर न्याय पंचायत स्तर के गांव में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के पदाधिकारी और नेता गांव-गांव जाएंगे और यहां गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को लोगों के साथ साझा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंप दी है।
पौड़ी में गुरुवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि पूर्व सीएम हरीश रावत कोटद्वार जाएंगे। जबकि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पाबौ के सैंजी गांव में रहेंगे। जिलाध्यक्ष डांडानागराजा जाएंगे। कार्यक्रम 3 अक्टूबर तक चलेगा। इसी क्रम में मनीष खंडूड़ी चमोली जनपद में जा रहे है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही है। जो पदाधिकारी जिस गांव में जाएगा वह उस दिन और रात वहीं रुकेगा। साथ ही आम लोगों से इस दौरान विस्तार से चर्चा करेगा। पार्टी प्रदेश सरकार की नाकामियों को भी उजागर करने का काम करेगी। इस संबंध में पौड़ी मुख्यालय पर गुरुवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक का भी आयोजन किया गया। जिसमें गांव-गांव भ्रमण को लेकर चर्चा हुई और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में जिला पंचायत सदस्य संजय डबराल, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष गौरव सागर, युवा कांगे्रस प्रदेश सचिव नितिन बिष्ट, उपेंद्र रावत, दीपक असवाल, तामेश्वर आर्य, संपूर्ण सिंह, शशि चमोली, जगमोहन रौथाण, वीरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।