जयंती पर श्रीदेव सुमन को याद कर दी श्रद्घांजलि
नई टिहरी। टिहरी में जनक्रांति के नायक शहीद श्रीदेव सुमन को जन्म दिवस पर याद किया गया। उनके पैतृक गांव जौल पहुंचकर दर्जनों लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर याद किया। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने भी जौल गांव पहुंचकर श्रीदेव सुमन को श्रद्घांजलि दी। जबकि कांग्रेस ने जिला कार्यालय में श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। श्रीदेव सुमन की जयंती पर जिलेभर में उन्हें याद किया गया। कांग्रेस कार्यालय नई टिहरी में भाव पूर्ण स्मरण कर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जयंती पर कांग्रेसियों ने एकत्र होकर श्रीदेव सुमन की गाथाओं को भी याद किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश प्रवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि श्रीदेव सुमन जी ने टिहरी राजशाही के अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष किया और देश की आजादी की लड़ाई के साथ-साथ टिहरी रियासत को स्वतंत्र कराने में अपने प्राणों की आहुति तक दे दी थी, ऐसी महान विभूति के जन्म दिवस पर हम टिहरी वासी अपने को गौरवान्वित महसूस करते है, कि सुमन जी ने हमारी इस महान थाती में जन्म लिया। इस मौके पर श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति ड पीताम्बर प्रसाद ध्यानी, थौलधार के पूर्व ब्लाक प्रमुख खेम सिंह चौहान, वरिष्ठ समाजसेवी सुशील बहुगुणा आदि ने भी जौल गांव पहुंचकर श्रीदेव सुमन को जयंती पर याद किया। कांग्रेस के कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती दर्शनी रावत, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव श्री मुसरफ अलि शहर कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव लखवीर चौहान , युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष नवीन सेमवाल , किशोर सिंह मंद्रवाल, नदीम सेख ने सुमन जी को स्मरण करते हुए, अपने विचार व्यक्त कर, सुमन जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।