पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा में खेत में घास काट रही महिला पर गुलदार ने किया हमला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
चौबट्टाखाल तहसील क्षेत्रांतर्गत पोखड़ा विकासखंड के ग्राम सुंदरई में गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। महिला खेत में घासकाट रही थी। आसपास के खेतों में काम कर रही अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। गुलदार के हमले में महिला के पीठ और हाथों पर चोटें आई हैं।
चौबट्टाखाल तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला ने बताया कि पट्टी किमगडीगाड तृतीय के सुंदरई गांव की छप्पन वर्षीय जयश्वरी देवी पत्नी भगवती प्रसाद शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे के लगभग गांव से तीन सौ मीटर दूर अपने खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान गुलदार ने अचानक पीछे से हमला कर दिया। आस-पास के खेतों में काम कर रही अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। हमले में महिला के पीठ और हाथों पर चोटें आई। ग्रामीण घायल महिला को 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल लाए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में मौजूद क्षेत्रीय विधायक और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जिलाधिकारी को क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त लगवाने और तत्काल पिंजरा लगाने के निर्देश दिए।
वन रेंज प्रभारी दमदेवल सूचि चौहान ने बताया कि मार्च में ग्राम कुई में गुलदार द्वारा कांति देवी पर हमला कर दिया गया था, जिसके उपरान्त 9 मार्च को गांव में पिंजरा लगा दिया गया लगा था जिसमें 15 मार्च को गुलदार पिंजडे में फंस गया था। सामाजिक कार्यकर्ता नूतन तन्नू पंत का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार का खतरा हमेशा बना रहता है, लेकिन अभी तक ग्रामीणों को गुलदार के आतंक से निजात नही मिल पायी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *