बिग ब्रेकिंग

मलेथा में मकान टूटा, दबकर महिला की मौत

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कीर्तिनगर में आवासीय भवन ढहने से बुजुर्ग महिला की मौत
घटना के आधा घंटे पहले ही प्रधान से भवन की मरम्मत का किया था अनुरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर।
शनिवार अपराह्न लगभग तीन बजे कीर्तिनगर तहसील के मलेथा गांव में एक पुराना आवासीय भवन ढह गया। भवन के मलबे में दबने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। आधा घंटे पूर्व ही बुजुर्ग महिला ने प्रधान से अपने जीर्ण शीर्ण मकान की मरम्मत कराए जाने का अनुरोध किया था। प्रधान ने मकान की मरम्मत न होने तक महिला को अन्यत्र रहने को कहा था। लेकिन इस बीच यह हादसा हो गया। पुलिस और ग्रामीणों ने मलबे से महिला को निकाला। लेकिन उसने दम तोड़ दिया।


मलेथा गांव में एक जर्जर आवासीय भवन के ढहने से 70 वर्षीय रोशनी देवी पत्नी स्व. मान सिंह की मौत हो गई। वह सालों से इस मकान में अकेली रह रही थी। जबकि उसके बेटे अपने परिवार सहित दूसरे भवन में रहते हैं। ग्राम प्रधान अंकित कुमार ने बताया कि शनिवार अपराह्न करीब ढाई बजे जब वह गांव में सैनिटाइजेशन व मास्क वितरण का कार्य कर रहे थे, तब वह रोशनी देवी के घर भी गए थे। रोशनी देवी ने अपने जर्जर भवन को दिखाते हुए मरम्मत का अनुरोध किया था। जिस पर उन्होंने मकान की हालात ठीक होने तक अन्य किसी मकान में रहने के लिए कहा था। इस दौरान ग्राम प्रधान ने राजस्व विभाग को दिखाने के लिए प्रमाण के तौर पर रोशनी देवी के मकान की फोटो भी ली थी। फोटो लेकर वह घर ही पहुंचे थे कि उन्हें सूचना मिली की उक्त मकान ढह गया है। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के वक्त बुजुर्ग महिला घर के अंदर ही थी। वह मलबे में दब गई। कोतवाल रविंद्र यादव ने बताया कि मलबे से बाहर निकालने तक महिला दम तोड़ चुकी थी। उन्होंने बताया कि भवन काफी पुराना था। बारिश के बाद धूप आने से भवन ध्वस्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!