ढालीपुर में अवैध उपखनिज भंडारण पर खनन विभाग का शिकंजा

Spread the love

विकासनगर । उत्तराखंड के देहरादून जिले में अवैध उपखनिज भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला खान अधिकारी के निर्देश पर शनिवार को विभागीय टीम ने ढालीपुर गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित उपखनिज के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, ढकरानी और नवाबगढ़ क्षेत्र में अवैध उपखनिज परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर कुल 47,200 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला खान अधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने ढालीपुर गांव में अवैध उपखनिज भंडारण की सूचना पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद उपखनिज को जब्त किया। जब्त उपखनिज के एक हिस्से को दूसरे स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि कुछ उपखनिज को मौके पर ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया। इसके बाद विभागीय टीम ने ढकरानी और नवाबगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। दोनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 47,200 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इस कार्रवाई में खनन विभाग के पंकज चंद, आशीष कुमाई सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एक ही दिन में तीन स्थानों पर की गई कार्रवाई से अवैध उपखनिज भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। खनन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग की ओर से नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी रखने का संदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *