एक महीने पहले लापता युवती शादी के जोड़े में पहुंची कोतवाली –

Spread the love

कहा-अपनी मर्जी से कई थी प्रेमी के साथ, स्वजनों से बताया खतरा
-हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कराई सुरक्षा मुहैया
रुड़की : एक माह पहले लापता हुई युवती मंगलवार को प्रेमी से शादी रचाकर कोतवाली पहुंची। युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से प्रेमी संग गई थी। युवती ने अपने स्वजनों से खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। जिस पर हाईकोर्ट ने नव दंपति को सुरक्षा दिए जाने के आदेश पुलिस को दिए हैं। पुलिस ने दोनों को सुरक्षा मुहैया करा दी है।
कोतवाली रुड़की के मोहनपुरा क्षेत्र निवासी एक युवती करीब एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती के स्वजनों ने मामले में एक युवक पर युवती को बहला फुसलाकर अपहरण किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से लापता युवती व आरोपी युवक की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को लापता युवती स्वयं ही कोतवाली पहुंच गई। युवती ने शादी का जोड़ा पहना हुआ था। युवती के साथ अपहरण का आरोपी युवक भी था। युवती ने बताया कि वह उसका प्रेमी था। दोनों बालिग हैं। वह दोनों प्यार करते थे। स्वजन उनके इस प्यार के खिलाफ थे। इसी के चलते उन्होंने भागकर शादी कर ली है। हाईकोर्ट से उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि युवती अपनी मर्जी से गई थी। हाईकोर्ट के आदेश पर दोनों को सुरक्षा मुहैया करा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *