पंखे से लटका मिला युवक, मौत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के अन्तर्गत धु्रवपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 21 वर्षीय एक युवक पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस युवक को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर तथा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
उपनिरीक्षक अनित कुमार चंद्रा ने बताया कि धु्रवपुर निवासी 21 वर्षीय सौरभ पुत्र पारेश्वर प्रसाद कॉलेज में पढ़ता है। वह भारतीय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था और रोज सुबह दौड़ लगाने जाता था। बीती बुधवार रात को खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। गुरूवार को सुबह सात बजे उसकी माँ उसे चाय देने आई। सौरभ की माँ ने उसे आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
सौरभ की माँ ने जब खिड़की से अंदर देखा तो वह पंखे पर चादर के सहारे लटक रहा था। उन्होंने घटना की सूचना परिजनों व आसपास के लोगों को दी। परिजनों ने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा और घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से युवक को नीचे उतारकर अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक अनित कुमार चंद्रा ने बताया कि सौरभ के शव का पंचायतनामा भरकर तथा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *